Charkhi Dadri News – आस्था जब परंपराओं से जुड़ती है और भक्ति जब सामूहिक साधना का रूप लेती है, तो उसका प्रभाव केवल मंदिर परिसर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि सामाजिक और आध्यात्मिक जीवन में भी दिखाई देता है। ऐसा ही दृश्य मंगलवार को घिकाड़ा रोड स्थित हरिओम आश्रम में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देखने को मिला। यहां महिलाओं ने अपनी पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप पथवारी पूजन किया और एक माह से चल रही कार्तिक पूजा एवं कथा की परंपरा का विधिवत समापन किया।
सुबह से ही आश्रम में महिलाओं का पहुंचना शुरू हो गया था। पूजा की तैयारियों के बीच दीपों की रोशनी, वैदिक मंत्रोच्चारण और भजन-कीर्तन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर के पुजारी पंडित बलभद्र ने विधि-विधान के साथ दीप प्रज्वलित करवाकर पूजा-अर्चना संपन्न करवाई।
इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से पथवारी माता का पूजन किया और परिवार की सुख-शांति तथा सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के चेयरमैन जयभगवान मस्ताना की धर्मपत्नी सुशीला शर्मा ने कार्तिक पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में यह पर्व आत्मशुद्धि, दान-पुण्य और ईश्वर के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है। कार्तिक मास में की जाने वाली नियमित पूजा और साधना मनुष्य को अनुशासन, संयम तथा आध्यात्मिक चिंतन से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं का वास्तविक महत्व तभी है, जब उनके माध्यम से जीवन में अच्छे विचारों और संस्कारों का संचार हो।
महिलाओं ने बताया कि कार्तिक मास के दौरान पूरे एक महीने तक प्रतिदिन तड़के चार बजे उठकर स्नान, पूजा-अर्चना और कार्तिक पथवारी की कथा सुनने की परंपरा निभाई जाती है। पूर्णिमा के दिन विशेष स्नान के उपरांत नहर पर दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की जाती है और इस साधना का समापन किया जाता है। एक महीने तक नियमित रूप से निभाई गई यह धार्मिक दिनचर्या श्रद्धा के साथ-साथ समय पालन, सामूहिकता और आत्म अनुशासन का भी संदेश देती है।
पूरे आयोजन में भजन-कीर्तन और आरती के माध्यम से श्रद्धालुओं ने ईश्वर का स्मरण किया। इस अवसर पर धर्मा देवी, सीमा शर्मा, सुशीला शर्मा, कृष्णा शर्मा, माया शर्मा, सुनीता शर्मा, उर्मिला शर्मा, बिमला, रोशनी, रचना एम.सी., सूरजा देवी, संतोष, शकुन्तला, रीता, प्रेम, बाला, सरोज, समिता, मंजू, लक्ष्मी, गीता, मोनिका, कमला, रेखा, सुनीता, संतोष, बिमला, सहित सैकड़ों महिलाओं ने भागीदारी निभाई।
Read More News…
चरखी दादरी में महराणा गांव के समीप पूरी रात रोड जाम , मौके पर पहुंची पुलिस | Charkhi Dadri News
