Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri News – चरखी दादरी में 19 व 20 नवंबर को होगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव, ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ है मुख्य थीम

Charkhi Dadri News – युवाओं की प्रतिभा को निखारने, प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने तथा उनमें रचनात्मकता, सामाजिक चेतना एवं राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा द्वारा जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 19 व 20 नवंबर को किया जाएगा। महोत्सव की मुख्य थीम नशा मुक्त युवा विकसित भारत रखी गई है।


जिला युवा समन्वयक अधिकारी जीतपाल ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जिला युवा महोत्सव में लोक संस्कृति, कला एवं रचनात्मकता से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें लोक नृत्य (समूह), लोक गीत (समूह), लोक वाद्य संगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक (समूह), कविता लेखन तथा चित्रकला प्रतियोगिताएं शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए युवाओं की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि साजिंदों की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। लोक नृत्य एवं लोक गीत प्रतियोगिताओं में अधिकतम तीन साजिंदे भाग ले सकेंगे।


उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समूह एवं व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पर 4100 रुपये, द्वितीय स्थान पर 3100 रुपये तथा तृतीय स्थान पर 2100 रुपये प्रति प्रतिभागी की दर से पुरस्कार राशि दी जाएगी।


उन्होंने जिले के सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, राजकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं विद्यालयों के प्राचार्यों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस महोत्सव में भाग लेने के लिए समय रहते अपना पंजीकरण करवाएं। महोत्सव का आयोजन गरिमापूर्ण ढंग से इनडोर स्वरूप में किया जाएगा। इच्छुक युवा पंजीकरण एवं अन्य जानकारी के लिए अपने नजदीकी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।


जिला युवा महोत्सव के ऑलओवर इंचार्ज एवं राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चरखी दादरी के प्रधानाचार्य हरीश सहरावत ने बताया कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक युवाओं को निर्धारित पंजीकरण प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ आयु प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण एवं पासपोर्ट साइज फोटो जमा करवाना अनिवार्य है। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन संबंधित विषयों के विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही विजेता प्रतिभागियों एवं टीमों को राज्य स्तरीय युवा प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें, अपनी प्रतिभा एवं हुनर का प्रदर्शन करें तथा ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

Charkhi dadri news

Read More….

चरखी दादरी में कार्रवाई के नाम पर दोहरा रवैया क्यों?

Charkhi Dadri News – झोझू कलां और गुडाना में नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी, डॉग स्क्वॉयड ने की तलाशी

Popular Articles