Charkhi Dadri News – मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन की जनसेवा मुहिम के तहत तिवाला, शिशवाला, बादल एवं पांडवान गांवों में 2192वें, 2193वें, 2194वें एवं 2195वें निःशुल्क मेडिकल एवं नेत्र चिकित्सा शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों में गीतांजलि हॉस्पिटल, पवन धीर की टीम, ओम आई केयर, वेदांत आई सेंटर एवं आई केयर तथा आई-क्यू हॉस्पिटल की वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने वाली टीम में डॉ. नवीन सिंहमार, डॉ. प्रकाश, डॉ. ममता, डॉ. विशाल एवं डॉ. विजय शर्मा सहित अन्य अनुभवी चिकित्सक शामिल रहे। चारों शिविरों में कुल 478 लोगों की आंखों की जांच की गई तथा उन्हें ऑपरेशन के लिए चिह्नित किया गया। इसके अतिरिक्त 12 लोगों को अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के लिए रेफर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अजय सांगवान, बीरभान सांगवान, प्रकाश सांगवान एवं इंद्रवेश ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता नीरज शर्मा, नवीन सैनी, हितेश, प्रकाश तंवर एवं मनोज जोगी ने की।
इस अवसर पर संगठन के प्रमुख अधिवक्ता डॉ. अनिल बलवान साहू ने कहा कि चरखी दादरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए संगठन ने अब कमर कस ली है। मेडिकल कॉलेज दादरी क्षेत्र की वर्षों पुरानी आवश्यकता है। इससे क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने बताया कि संगठन शीघ्र ही जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगा। इसके साथ ही दादरी क्षेत्र में सीसीआई सीमेंट फैक्ट्री की स्थापना एवं पुनः संचालन की मांग को लेकर भी जनसमर्थन जुटाया जाएगा, ताकि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा हों और औद्योगिक विकास को गति मिले।
इस अवसर पर अजीत, भूपी, भूपेंद्र, राजीव, संजीत, ओमप्रकाश, गौरव कौशिक, परमजीत, ईश्वर एवं मास्टर विक्रम सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। संगठन ने सभी मुख्य अतिथियों, अध्यक्षता करने वाले गणमान्य व्यक्तियों, चिकित्सकों, अस्पताल प्रबंधन, ग्रामवासियों एवं सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन का संकल्प है कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार एवं औद्योगिक विकास के माध्यम से चरखी दादरी को एक आदर्श जिला बनाया जाए।
Read More….
चरखी दादरी में बस स्टैंड के सामने लाउड स्पीकर से समान बेचने वालों पर कार्रवाई की मांग See More….
