Charkhi Dadri News – हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ 0644 ने विभाग को बचाने, कर्मचारियों के अधिकारों और पक्के रोजगार के अवसरों की रक्षा के लिए 5 व 6 नवंबर को हड़ताल का आह्वान किया है। संघ के राज्य प्रवक्ता एवं राज्य मुख्य संगठन सचिव सुधीर अहलावत ने प्रदेशभर के कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, छात्र संगठनों और युवाओं से इस आंदोलन में सहयोग करने की अपील की है।
राज्य प्रधान जगदीप लाठर, महासचिव चमन स्वामी, संदीप रंगा, राज्य सचिव दीपक हुड्डा ने कहा कि हरियाणा रोडवेज प्रदेश के गांवों, गरीबों, विद्यार्थियों और आमजन के लिए परिवहन की महत्वपूर्ण जीवनरेखा है।
इसके बावजूद सरकारी बसों का बेड़ा बढ़ाने के बजाय इलेक्ट्रिक बसों और किलोमीटर स्कीम के तहत निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ने से विभाग के भविष्य तथा स्थायी रोजगार के अवसरों को लेकर चिंताएं पैदा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी बसों का बेड़ा लगभग 3,700 बसों का बताया जा रहा है। ऐसे में सरकार को रोडवेज के विस्तार और सरकारी परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
सुधीर अहलावत दुजाना ने आरोप लगाया कि रोडवेज कर्मचारियों को कम वेतन, छुट्टियों में कटौती, ओवरटाइम और अपनी मांगों को लेकर सरकार से बातचीत में कठिनाइयों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए, क्योंकि वे विपरीत परिस्थितियों में भी यात्रियों को सुरक्षित और समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाते हैं।
सुधीर अहलावत ने कहा कि यह लड़ाई केवल कर्मचारियों के वेतन और सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और भविष्य में युवाओं को मिलने वाले स्थायी रोजगार के अवसरों से भी जुड़ी है। उन्होंने कर्मचारियों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए संगठन के निर्णय के अनुसार एकजुट रहने और अपने-अपने डिपो में एकत्रित होकर आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रदेश के सामाजिक, छात्र और कर्मचारी संगठनों से अपील की कि वे 5 व 6 नवंबर की प्रस्तावित हड़ताल में कर्मचारियों का सहयोग करें। उनके अनुसार, कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और सरकारी परिवहन व्यवस्था के भविष्य को लेकर संवाद तथा समाधान की दिशा में सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए।
Read More….
Mental Health के ये लक्षण न करें नजरअंदाज! Depression, Anxiety और तनाव पर डॉक्टर की सलाह |
