Charkhi Dadri News – उपायुक्त मनदीप कौर के निर्देशानुसार और एसडीएम आशीष सांगवान के मार्गदर्शन में बुधवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाढडा में भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
तहसीलदार अजय सैणी की मौजूदगी में इस अभ्यास ने आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की तत्परता और आपसी तालमेल से किया गया। मॉक ड्रिल के तहत विद्यालय की इमारत के भूकंप के कारण क्षतिग्रस्त होने तथा मलबे में तीन लोगों के दबे होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, रेडक्रॉस ,चिकित्सा दल और एसडीआरएफ सुनारिया टीम-4 के जवान मौके पर पहुंचे।
एसडीआरएफ इंस्पेक्टर सुरेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस बचाव अभियान के दौरान जवानों ने आधुनिक खोज एवं बचाव तकनीकों का प्रयोग करते हुए पूरी सावधानी व तत्परता के साथ मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके पश्चात, चिकित्सा दल के सहयोग से घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया गया और अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया गया।
इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक आपदा के समय विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय,बचाव और चिकित्सा सहायता की तैयारियों को परखना था। अभ्यास के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि वास्तविक आपदा की स्थिति में सभी संबंधित विभाग बिना किसी देरी के अपनी निर्धारित भूमिका निभा सकें।
सफल अभ्यास के उपरांत एसडीआरएफ इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने विद्यालय के विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन और संकट के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने पूरी मॉक ड्रिल का बारीकी से निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य में जुटी सभी टीमों की कार्यप्रणाली व तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभ्यास आपदा से होने वाले नुकसान को न्यूनतम करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Read More….
13 साल की बच्ची के सपनों पर धर्म का बोझ? खेलना-पढ़ना चाहती है मासूम, फिर क्यों बन रही महामंडलेश्वर?
