Charkhi Dadri News – नगर की अग्रणी सामाजिक संस्था अग्रवाल सेवा संघ द्वारा संचालित अग्रवाल धर्मार्थ चिकित्सालय, गीता भवन, चरखी दादरी की ओर से जनसेवा के उद्देश्य से रविवार को स्थानीय गांधी नगर स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में एक निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सफलतापूर्वक चला, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. योगेश गुप्ता ( जनरल फिजिशियन ), डा. रूचि फोगाट स्त्री रोग एवं जनरल फिजिशियन तथा नेत्र जांच परिक्षक की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर के दौरान सामान्य स्वास्थ्य जांच, नेत्र परीक्षण, ब्लड प्रेशर, शुगर आदि की जांच की गई तथा मरीजों को स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक परामर्श दिया गया। इस शिविर का लाभ लगभग 105 मरीजों ने उठाया। जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली। नगर के गणमान्य लोगो द्वारा अग्रवाल सेवा संघ द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ऐसे चिकित्सा शिविर समाज के गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए वरदान साबित होते हैं और समाज की अन्य संस्थाओं को भी इस प्रकार के सेवा कार्यों के लिए आगे आना चाहिए। संस्था के सचिव मुकेश बंसल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा जनकल्याण हेतु इस प्रकार के सामाजिक शिविर भविष्य में लगाए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर महाराजा अग्रसैन सेवा सदन के प्रधान शिवकुमार चिमनी वाला,अग्रवाल सेवा संघ के प्रधान सतीश कुमार,अग्रवाल सेवा संघ के सचिव मुकेश बंसल, कनिष्ठ उपप्रधान संदीप गोयल, सह सचिव राकेश गर्ग, अशोक गर्ग, श्याम लाल, ओमानन्द गुप्ता, अनंत उपाध्याय, रामप्रताप गुप्ता, सतीश चिमनी वाले, कृष्ण कुमार आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे |
शिविर में मैनेजर सत्यनारायण, मैनेजर गुलशन आनंद सहित सहयोगी राकेश, नागर मल, अंकित आदि का विशेष सहयोग रहा। सभी ने शिविर को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया। अंत में संस्था पदाधिकारियों ने महाराजा अग्रसैन सेवा सदन की समस्त कार्यकारिणी,उपस्थित चिकित्सकों, सहयोगियों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया।
Read more…
Charkhi Dadri के संतोखपुरा गांव का पंचायती झोटा चोर See More…
