Charkhi Dadri News – हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर पंचनद चौक स्थित सत्यम शिवम सुंदरम मंदिर में औषधीय खीर का वितरण किया गया। परंपरा अनुसार यह विशेष खीर गाय के दूध से तैयार की गई,
जिसे शरद पूर्णिमा की चांदनी रात में रखा गया। खीर में दमा, एलर्जी, नजला और श्वास जैसी बीमारियों से राहत देने वाली औषधियां मिलाई गईं, जिससे यह खीर औषधीय गुणों से युक्त बन गई। मंदिर के पुजारी पंडित घनश्याम ने जानकारी देते हुए बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और प्रत्येक वर्ष शरद पूर्णिमा की रात विशेष विधि-विधान से यह औषधीय खीर तैयार की जाती है।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह प्रातः से ही श्रद्धालुओं में खीर वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया था। पंडित घनश्याम के अनुसार शरद पूर्णिमा की रात चांद की किरणों में रखी गई खीर का सेवन करने से शरीर में शीतलता आती है और अनेक रोगों से मुक्ति मिलती है। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सैकड़ों लोगों ने भक्ति भावना के साथ खीर का सेवन किया और भगवान शिव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे वातावरण में भक्ति, शांति और आस्था का माहौल बना रहा।
Read More….
