Charkhi Dadri News – डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षा एवं जन कल्याण समिति हरियाणा, कार्यालय चरखी दादरी की ओर से समाज में शिक्षा, जागरूकता, नशामुक्ति और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से चलो समाज एवं गांव की तरफ अभियान का शुभारंभ रविवार सुबह 8 बजे गांव लांबा से किया गया।
इस दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर सामाजिक विकास, शिक्षा के महत्व, नशे के दुष्परिणामों तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में गांव के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा समिति के पदाधिकारियों के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के कार्यों में समिति को भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया। समिति के प्रधान विजय लोहरवाड़ा ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए केवल समस्याओं पर चर्चा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समाधान का हिस्सा बनना होगा।
शिक्षा व्यक्ति को जागरूक बनाती है, नशामुक्ति परिवारों को सुरक्षित करती है और सामाजिक एकजुटता गांवों को विकास की दिशा में आगे बढ़ाती है। यदि गांव का प्रत्येक व्यक्ति शिक्षा के प्रचार, युवाओं को सही दिशा देने और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में योगदान दे, तो एक स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक समाज का निर्माण संभव है। महासचिव ईश्वर सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान प्रत्येक रविवार को पूरे दादरी जिले में चलाया जाएगा। इसके तहत गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा और शिक्षा, नशामुक्ति, सामाजिक समानता तथा जनकल्याण के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर गांवों में सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर उपप्रधान राम भगत लांबा, महासचिव ईश्वर सिंह, सहसचिव बालकिशन, मुख्याध्यापक अरुण भोरिया, सत्यपाल सिंह, मन्दरूप सिंह, रघुवीर बलकरा, बलवान मास्टर, कपूर सिंह लांबा, हरभगवान लांबा सहित समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रधान विजय लोहरवाड़ा ने अपने संदेश के माध्यम से कहा कि शिक्षित युवा, नशामुक्त समाज और जागरूक नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की नींव हैं। गांवों में जनभागीदारी बढ़ाकर ही सामाजिक परिवर्तन के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
Read More….
चरखी दादरी मंडी से बड़ी खबर! बाजरा बेचने वाले किसान जरूर देखें
