Charkhi Dadri News – जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 15 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स वुशु प्रतियोगिता के लिए अंडर-17 आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों का प्रशिक्षण शिविर खेल अकादमी, भिवानी रोड, झोझू कलां में आयोजित किया जा रहा है। 7 अक्टूबर से शुरू हुआ यह शिविर 11 अक्टूबर तक चलेगा। शिविर में हरियाणा के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
इस दौरान जिला स्कूली खेल अधिकारी चरखी दादरी प्रदीप सांगवान तथा झोझू व्यापार मंडल के प्रधान नरेश ठेकेदार बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, झोझू कलां के प्राचार्य प्रमेन्द्र चितौडि़या व अशोक शर्मा ने भी खिलाडि़यों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेना खिलाडि़यों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम आवश्यक हैं।
खिलाडि़यों को जीत के लक्ष्य के साथ-साथ खेल भावना को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। शिविर में लड़कों के कोच एवं अकादमी संरक्षक अजय कुमार तथा महिला कोच वर्षा कुमारी खिलाडि़यों को तकनीकी प्रशिक्षण दे रहे हैं। टीम मैनेजर किस्मत व योगेन्द्र भी व्यवस्थाओं और खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
शिविर में 9 लड़के और 7 लड़कियों सहित कुल 16 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। सभी खिलाड़ी अलग-अलग जिलों से प्रशिक्षण के लिए पहुंचे हैं। इस अवसर पर पूर्व डीपीई अजमेर, सुनील, अमरजीत, प्रदीप, गोलिया ठेकेदार तथा कोच अजय सांगवान सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Read More….
