Charkhi Dadri News – भगवान परशुराम सेवा समिति की ओर से रविवार, 11 अक्टूबर को चरखी दादरी के मंगल मार्केट, पुराना बस स्टैंड में सर्व समाज मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में हरियाणा से राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह को लेकर आयोजकों ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। आयोजन के माध्यम से विभिन्न सामाजिक वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह में दादरी विधायक सुनील सतपाल सांगवान, बाढड़ा विधायक उमेद सिंह पातुवास, हरियाणा वेयरहाउसिंग के चेयरमैन एवं कार्यक्रम मार्गदर्शक रामकिशन शर्मा, महिला एवं बाल विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी, भाजपा जिला अध्यक्ष राष्ट्रदीप परमार, भाजपा ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सुनील इंजीनियर तथा नगर परिषद चरखी दादरी के अध्यक्ष बक्शी सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरीश शर्मा करेंगे।
कार्यक्रम में लोक गायक राजेश थूरानियां एवं पार्टी तथा गायिका मोनिका शर्मा भजनों की प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी। वरिष्ठ ब्राह्मण नेता सुधीर शर्मा चांदवास, देवकीनंदन भारद्वाज, अध्यक्ष एडवोकेट धर्मबीर शर्मा, अग्रवाल समाज के वरिष्ठ नेता शिव कुमार जिंदल तथा वरिष्ठ नेता सज्जन सांवड़, शशिकांत भारद्वाज, सरपंच देवेन्द्र शर्मा बीजणा ने जिले के सभी वर्गों के लोगों से कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
सुधीर शर्मा चांदवास ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति आपसी सहयोग, सम्मान और एकजुटता में निहित है। ऐसे आयोजन सामाजिक दूरियों को कम करने और लोगों के बीच संवाद व सद्भाव बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सर्व समाज मिलन समारोह को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है, ताकि चरखी दादरी से सामाजिक एकता और भाईचारे का सकारात्मक संदेश प्रसारित हो सके।
Read More…
चरखी दादरी मंडी से बड़ी खबर! बाजरा बेचने वाले किसान जरूर देखें
