Charkhi Dadri News – निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर-2026) के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारी आयोग के निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करें। यह निर्देश रोहतक मंडलायुक्त मोनिका मलिक ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में एसआईआर अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। इससे पहले उपायुक्त मनदीप कौर ने मंडलायुक्त का स्वागत करते हुए जिला में चल रहे एसआईआर कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। रोहतक मंडलायुक्त ने कहा कि मतदाताओं से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का तत्काल निपटान के लिए 9 अक्टूबर तक विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।
घर-घर जाकर दस्तावेज किए एकत्र
मंडल आयुक्त मोनिका मलिक ने कहा कि एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं को अनमैप्ड अथवा लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी के संबंध में नोटिस जारी किए, उनके घर जाकर बीएलओ ने आवश्यक दस्तावेज एकत्र किए हैं, उन्हें ईसीआई नेट पर अपलोड करें। सामान्य परिस्थितियों में ऐसे मतदाताओं को ईआरओ/एईआरओ कार्यालय में सुनवाई के लिए बुलाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि विशेष परिस्थितियों में सुनवाई ऑनलाइन माध्यम से की जा सकेगी। आवश्यकता होने पर मतदाता अपने परिवार के किसी वयस्क सदस्य को अपनी ओर से सुनवाई में शामिल होने के लिए अधिकृत भी कर सकता है।
श्रमिकों व जरूरतमंद मतदाताओं के लिए लगाएं विशेष कैंप
मंडलायुक्त ने सभी ईआरओ को निर्देश दिए कि श्रमिकों, गरीब एवं बेघर व्यक्तियों सहित अन्य जरूरतमंद मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यकता के अनुसार विशेष कैंप आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि छूटे हुए तथा पहली बार पात्र युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को एसआईआर अभियान से संबंधित सभी आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
मंदौला गांव में मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
बैठक के बाद मंडलायुक्त ने बाढडा विधानसभा के गांव मंदौला में मतदान केंद्र का दौरा कर जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में ग्रामीणों का सहयोग बेहद जरूरी है।
इस दौरान एसडीएम दादरी डा वीरेंद्र सिंह, एसडीएम बाढडा आशीष सांगवान, डीडीपीओ प्रमोद देशवाल सहित सभी एईआरओ व संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Read More….
Charkhi Dadri News – चरखी दादरी में ट्रॉले की टक्कर से मैकेनिक मनोज की मौत
Charkhi Dadri News – बाजरा बेचने आ रहे किसान जरूर देखें! ₹10 में भोजन-पानी और ठहरने की सुविधा
