Charkhi Dadri News – बामसेफ, डीएस-4 व बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के संस्थापक कांशीराम के महापरिनिर्वाण दिवस पर शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षा एवं जन कल्याण समिति, हरियाणा की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। समिति के घिकाड़ा रोड स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने कांशीराम को कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर समिति के प्रधान विजय लोहरवाड़ा ने सर्वप्रथम सरकार से कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग की और उनके जीवन प्रकाश डालते हुए बताया कि काशीराम के जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन बहुजन समाज को जागरूक करने, उसे संगठित करने तथा सामाजिक व राजनीतिक अधिकारों के प्रति सजग बनाने के लिए समर्पित किया। उन्होंने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने तथा शिक्षा, संगठन और राजनीतिक भागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विजय लोहरवाड़ा ने कहा कि कांशीराम का जीवन संघर्ष, दृढ़ संकल्प और सामाजिक परिवर्तन के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने बामसेफ और डीएस-4 के माध्यम से सामाजिक चेतना को मजबूत करने का प्रयास किया तथा बहुजन समाज पार्टी की स्थापना कर बहुजन समाज को राजनीतिक मंच प्रदान किया। उनके विचार आज भी सामाजिक समानता, सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले लोगों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम के विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब समाज के लोग शिक्षा को प्राथमिकता देंगे,
आपसी एकता बनाए रखेंगे और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने के लिए मिलकर कार्य करेंगे। समिति की ओर से कांशीराम के विचारों को आत्मसात करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक व शैक्षणिक जागरूकता को बढ़ावा देने की शपथ भी ली। इस अवसर पर उपप्रधान रामभक्त लाम्बा, महासचिव ईश्वर सिंह, सहसचिव बालकिशन, कोषाध्यक्ष लालचंद, मन्दरूप सिंह, रघुबीर सिंह बलकरा, बलवान कोहलावास, सन्नी डाबला, संजय थावरिया, रामौतार रावलधी, डा. सुभाष आदि उपस्थित रहे।
Read More….
Charkhi Dadri News – चरखी दादरी में ट्रॉले की टक्कर से मैकेनिक मनोज की मौत
