Charkhi Dadri News – हरियाणा सरकार की जनहितकारी प्राथमिकताओं के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर जिला पुलिस लगातार तत्परता से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी श्री लोगेश कुमार (भा.पु.से.) ने बुधवार को अपने कार्यालय में जिले के सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन्स के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय व समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शिकायत निवारण पोर्टल (सीएम विंडो) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान के लिए एमिनेंट पर्सन्स ने दादरी पुलिस की कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
बैठक में सीएम विंडो पर लंबित एवं निस्तारित शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा प्रत्येक शिकायत पर व्यक्तिगत रुचि लेकर शिकायतकर्ता से सीधा संवाद साधा जा रहा है, जिससे जनता का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है। इसके अतिरिक्त, जिले में नशे के खात्मे के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों तथा आमजन को साइबर ठगी से बचाने के लिए गांव-गांव और शिक्षण संस्थानों में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियानों के सकारात्मक परिणामों की भी सदस्यों ने सराहना की।
बैठक के दौरान एमिनेंट पर्सन्स ने सामाजिक सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक के समक्ष महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने हाईवे व ग्रामीण क्षेत्रों के होटल-ढाबों पर अवैध रूप से नशीले पदार्थों के सेवन व बिक्री पर सख्त लगाम लगाने तथा संवेदनशील इलाकों व भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने का आग्रह किया।
इस पर पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार ने आश्वस्त करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखना और अपराध मुक्त समाज का निर्माण दादरी पुलिस का प्रमुख ध्येय है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही, पीसीआर व राइडर गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा ताकि असामाजिक तत्वों में भय और आमजन में सुरक्षा का भाव बना रहे। एसपी ने एमिनेंट पर्सन्स का आह्वान किया कि वे प्रशासन और जनता के बीच मजबूत सेतु बनकर पुलिस को सटीक सूचनाएं उपलब्ध कराएं।
बैठक में सुरक्षा शाखा प्रभारी राजेश कुमार, शिकायत शाखा प्रभारी परमवीर सिंह, पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार सहित सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन बलवान आर्य (भांडवा), प्रदीप (बाढड़ा), बलबीर शर्मा (टोडी), राजीव (रामनगर), बलविंद्र (सांवड़), भुनेश गोयल (दादरी), जगमाल सैनी (दादरी) तथा अशोक परमार (दादरी) मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Read More…
Charkhi Dadri News – विधायक सुनील सांगवान के आवास का घेराव! मुर्दाबाद के नारों से गूंजा शहर
Charkhi Dadri News – जिला स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में आदर्श स्कूल के खिलाड़ियों ने लहराया परचम
