Charkhi Dadri News – शहर के कालेज रोड पर बुधवार को अनोखा नजारा देखने को मिला। सेवा ज्योति यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा ले जनसमूह उमड पड़ा। लोकसभा सांसद चौ धर्मबीर सिंह, विधायक सुनील सतपाल सांगवान व उमेद पातुवास सहित नगर परिषद चेयरमैन बक्शी राम सैनी, उपायुक्त मनदीप कौर, पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी, जिला अध्यक्ष राष्ट्रदीप परमार व प्रभारी शैलेंद्र मिश्रा ने लोगों के साथ मिलकर स्टेडियम रोड चौक पर यात्रा की मशाल को स्थापित किया।
इससे पहले जनता कालेज में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया, जिसको प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने लाइव संबोधित किया। अतिथियों ने दादरी से बाढड़ा, झोझू और बौंद तक जाने वाली यात्राओं को रवाना किया। इस दौरान यात्राओं का लोगोंने जगह जगह स्वागत भी किया। यात्रा एवं कार्यक्रम को लेकर लोगों की बीच काफी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान लोकसभा सांसद चौ धर्मबीर सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति को विकास की सोच के साथ देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सरकार का सहयोग करना चाहिए। आज पूरे भारत में हर वर्ग को किसी न किसी योजना के तहत सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। भारत को पहली बार ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं जो बिना रुके बिना थके हर दिन 20 घंटे से भी अधिक लोगों के लिए कार्य करते हैं। अपने निजी कार्यक्रमों को दरकिनार करके प्रधानमंत्री हमारे देश के विकास और नागरिकों को तरजीह देते हैं। इसी सोच के साथ देश को 2047 में विकसित बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाएं पहले भी होती थी। लेकिन इसका सही लाभ संबंधित लोगों को मिलने में परेशानी होती थी। ऐसे में प्रधानमंत्री ने योजनाओं की समीक्षा करके इनमें सकारात्मक बदलाव किए। ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि उदाहरण के तौर पर मनरेगा नाम से पहले भी योजना थी। उसमें सकारात्मक बदलाव कर जी राम जी योजना को क्रियान्वित की जा रही है, जिसके तहत अब ग्रामीण इलाके में 366 तरीके के कार्य करवाए जा सकते हैं। इन कार्यों में ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित लगभग सभी कार्य शामिल है। ऐसे ही केंद्र और राज्य सरकार की बहुत सी योजनाएं हैं, उनका लाभ जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्ति को मिल रहा है। पिछले 25 सालों के दौरान ऐसे बहुत से कार्य हुए हैं, जिनका लाभ लोगों को मिला है। उन्हीं योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है
कार्यक्रम में दादरी के विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने कहा कि कुछ दिन पहले ही हरियाणा के विधायक प्रधानमंत्री से मिले हैं। उन्होंने हरियाणा वालो को अपनी राम राम देने को कहा। प्रधानमंत्री ने कई विषयों को लेकर बात की। उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना को लेकर बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत 3 किलोवाट के प्लांट पर कुल 1 लाख 65 हजार रूपए का खर्च आता है, जिसमें से 78 हजार रूपए सब्सिडी है। प्रधानमंत्री ने बताया कि सोलर से अकेली बिजली की बचत नहीं होती। सोलर के लिए इंडक्शन आता है तो गैस की बचत होगी। वाहन इलेक्ट्रिक आ गए। घर के सोलर से उनको चार्ज कर सकते है। इससे तेल की बचत भी होगी। प्राकृतिक खेती को लेकर प्रधानमंत्री ने विचार साझा किए और कहा कि ऐसे ही चलता रहा तो पंजाब ओर हरियाणा की जमीन खराब हो जाएगी। अंधाधुंध यूरिया व डीएपी का प्रयोग बेहद खतरनाक है। ऐसे में प्राकृतिक खेती को ही अपनाना होगा।
इस दौरान विधायक उमेद पातुवास ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर सेवा संकल्प अभियान चल रहा है। इसको लेकर लोगों में खासा उत्साह है। उन्होंने भी प्रधानमंत्री से मुलाकात को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा अपने कई अनुभव साझा किए गए। प्रधानमंत्री होते हुए भी वे धरातल की बात करते हैं। उन्हें हर वर्ग हर क्षेत्र की जानकारी है और वे केवल विकास की सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। प्राकृतिक खेती को लेकर प्रधानमंत्री का विशेष फोकस है। एक देसी गाय से 30 एकड़ की प्राकृतिक खेती हो सकती है।
Read More….
Charkhi Dadri News – जिला स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में आदर्श स्कूल के खिलाड़ियों ने लहराया परचम
