Charkhi Dadri News – स्थानीय काठ मंडी स्थित संस्कार प्ले स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, प्रेम और स्वच्छता के संदेश को प्रस्तुत किया। विद्यालय का वातावरण गांधीजी के विचारों और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्राचार्या सुनील जांगड़ा ने की।
इस अवसर पर बच्चों ने हमारे गांधी जी, सत्य और प्रेम की ज्योत जली सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से गांधीजी के जीवन एवं आदर्शों को याद किया। बच्चों ने हाथों में आकर्षक संदेश लिखी तख्तियां लेकर सत्य, अहिंसा, शांति और स्वच्छ भारत का संदेश दिया। कुछ बच्चों ने गांधीजी की वेशभूषा धारण कर उनके व्यक्तित्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। विद्यालय निदेशक एवं अधिवक्ता डा. सुभाष जैन ने बच्चों को महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाकर पूरी दुनिया को शांति एवं मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने बच्चों को गांधीजी के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा सदैव सत्य बोलने, स्वच्छता रखने और सभी के प्रति प्रेम एवं सम्मान का भाव रखने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या सुनील जांगड़ा ने कहा कि बच्चों को महापुरुषों के जीवन और उनके विचारों से जोड़ना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में संस्कार, देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय स्टाफ ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
Read More…
चरखी दादरी की नई अनाज मंडी में व्यापारियों और आढ़तियों का भारी रोष, मार्केट कमेटी कार्यालय के सामने.
