Charkhi Dadri News – हरियाणा स्टेट योगा एसोसिएशन के तत्वावधान में फरीदाबाद में 26 व 27 सितंबर को आयोजित योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में जिला चरखी दादरी के योग खिलाडि़यों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चैंपियनशिप के प्रोफेशनल 30 से 40 आयु वर्ग में जिला चरखी दादरी की ओर से प्रतिभागिता करते हुए अमन फोगाट ने द्वितीय स्थान हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की।
अमन फोगाट के शानदार प्रदर्शन पर योग प्रेमियों एवं खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। इसी प्रतियोगिता के 25 से 30 आयु वर्ग में चरखी दादरी के अमित छपार ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं जिले के वरिष्ठ योग शिक्षक दिनेश शास्त्री ने 35 से 45 आयु वर्ग में चतुर्थ स्थान हासिल कर अपनी योग प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाडि़यों ने विभिन्न योगासनों का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शारीरिक संतुलन, लचीलापन, एकाग्रता और अनुशासन का परिचय दिया।
चरखी दादरी के प्रतिभागियों के प्रदर्शन से जिले के योग प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। योग क्षेत्र से जुड़े लोगों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को योग को खेल के रूप में अपनाने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली के लिए भी प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि चरखी दादरी के खिलाडि़यों द्वारा राज्य स्तरीय मंच पर किया गया प्रदर्शन जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अमन फोगाट, अमित छपार और दिनेश शास्त्री को उनकी उपलब्धियों पर शुभकामनाएं देते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
Read More..
चरखी दादरी में आधी रात 3 दुकानों में चोरी! विधायक सुनील सांगवान पर प्रधान का बड़ा निशाना
