Charkhi Dadri News – पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार पी. के सख्त निर्देशानुसार चरखी दादरी पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से नशा तस्करों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ इस अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों और कीमती सामान पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
इसी अभियान के तहत शुक्रवार और शनिवार को चरखी दादरी पुलिस ने तीन नशा तस्करों के ठिकानों पर छापेमारी कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत महत्वपूर्ण जब्ती कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
शुक्रवार को थाना बाढ़डा पुलिस टीम ने एसआई पवन तथा पुलिस चौकी अटेला कलां प्रभारी पीएसआई हरेंद्र के नेतृत्व में गांव पिचोपा कलां और जेवली में नशा तस्करों के ठिकानों पर दबिश दी। वहीं शनिवार को एएसआई सुरेंद्र मोहन के नेतृत्व में थाना झोझुकला पुलिस टीम ने गांव मेहड़ा में नशा तस्कर के ठिकाने पर कार्रवाई की।
तीन नशा तस्करों के ठिकानों पर कार्रवाई
पुलिस कार्रवाई के दौरान सुनील पुत्र बलवान निवासी पिचोपा कलां, हरदीप पुत्र भूपसिंह निवासी जेवली तथा कुलबीर पुत्र मातुराम निवासी मेहड़ा के ठिकानों को निशाना बनाया गया। तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई विलासितापूर्ण घरेलू सामग्री और कीमती सामान को कानूनी प्रक्रिया के तहत अपने कब्जे में लिया।
2026 में अब तक 24 ठिकानों पर कार्रवाई
चरखी दादरी पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करी में संलिप्त 24 आरोपियों के ठिकानों पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत प्रभावी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का उद्देश्य नशा तस्करों के खिलाफ केवल आपराधिक कार्रवाई तक सीमित न रहकर उनके अवैध आर्थिक नेटवर्क को भी कमजोर करना है।
काली कमाई की आर्थिक जड़ पर प्रहार
पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार पी. ने कहा कि चरखी दादरी पुलिस नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों को जेल भेजना नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की कीमत पर खड़ी की गई उनकी अवैध आर्थिक जड़ों को समाप्त करना भी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति, सामान और अन्य परिसंपत्तियों को कानून के दायरे में लाकर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। नशा तस्करों की काली कमाई पर पुलिस का यह प्रहार आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नागरिकों से सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस साझा अभियान में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चरखी दादरी पुलिस — नशामुक्त समाज की दिशा में निरंतर प्रयासरत।
Read More…
Charkhi Dadri :- क्यों गंजे हुए सफाई कर्मचारी , सरकार दी चेतावनी , पार्षद प्रतिनिधि पर साधा निशाना
Charkhi Dadri News – दादरी के 15 पहलवान स्कूल स्टेट चैम्पियनशिप के लिए चयनित, पदक जीतने का लक्ष्य

