Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri News – नशे से दूर रहकर शिक्षा और लक्ष्य की ओर बढ़ें युवा

Charkhi Dadri News – जिला पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार पी., IPS के कुशल मार्गदर्शन में चरखी दादरी पुलिस द्वारा युवाओं को सही दिशा देने, अपराधों की रोकथाम करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से R.E.D. स्कूल, चरखी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एंटी नार्कोटिक्स सेल प्रभारी एसआई नरेन्द्र सिंह, एएसआई राहुल फौगाट तथा दुर्गा शक्ति टीम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें कानून, सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारियों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों की ओर ध्यान दें तो समाज में अपराधों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है।

नशे की शुरुआत अक्सर छोटे स्तर से होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह गंभीर लत का रूप ले सकती है। इसलिए विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ से दूर रहने तथा अपने आसपास नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।


मानस हेल्पलाइन के बारे में दी जानकारी


पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के प्रति भी जागरूक किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि तनाव, चिंता, पढ़ाई का दबाव अथवा अन्य मानसिक परेशानियों को छिपाने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा विश्वसनीय व्यक्ति से बातचीत करनी चाहिए। इस दौरान मानस हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।


साइबर अपराधों से बचने के बताए उपाय


कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति विशेष रूप से सचेत किया गया। पुलिस टीम ने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से सावधानीपूर्वक व्यवहार करें। विद्यार्थियों को फर्जी ऑनलाइन ऑफर, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने के लिए भी जागरूक किया गया।


डायल-112 और महिला एवं बाल सुरक्षा पर भी जागरूकता


दुर्गा शक्ति टीम द्वारा छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। टीम ने महिला एवं बाल विरुद्ध अपराधों, उनके अधिकारों तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस की सहायता लेने के संबंध में जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में डायल-112 सेवा का उपयोग करने के बारे में भी बताया गया।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा अपने परिवार एवं दोस्तों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी आपत्तिजनक, संदिग्ध या गैरकानूनी गतिविधि का हिस्सा न बनने की सलाह दी गई।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस टीम से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका टीम द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चरखी दादरी पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जागरूकता के माध्यम से अपराधों को होने से पहले रोकना भी है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार पी., IPS के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जिले के युवा नशे एवं अपराध से दूर रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ें और एक सुरक्षित, स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं।

Read More….

चरखी दादरी की सड़कों पर मशाल लेकर उतरे सफाई कर्मचारी

Charkhi Dadri News – सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में एक्टिव जिला प्रशासन, सीटीएम सुरेश दलाल ने अधिकारियों को दिए त्वरित शिकायत निपटान के निर्देश

Popular Articles