Charkhi Dadri News – जिला पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार पी., आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में चरखी दादरी पुलिस द्वारा युवाओं को सही दिशा देने, अपराधों पर अंकुश लगाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को गवर्मेंट हाई स्कूल तथा गवर्मेंट गर्ल्स स्कूल, भागवी में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल विरुद्ध अपराध तथा डायल-112 सेवा के संबंध में जागरूक किया गया। वहीं वीरवार को गवर्मेंट हाई स्कूल, पैंतावास खुर्द में भी विशेष अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित किया गया।
पैंतावास खुर्द में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एंटी नार्कोटिक्स सेल प्रभारी एसआई नरेन्द्र सिंह, एएसआई राहुल फौगाट तथा दुर्गा शक्ति टीम ने विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारियों और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी तथा उन्हें किसी भी प्रकार की गलत संगति एवं आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
एंटी नार्कोटिक्स सेल प्रभारी एसआई नरेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि नशे की शुरुआत अक्सर छोटी आदत से होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर और पारिवारिक जीवन को बर्बाद कर सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के सेवन एवं तस्करी से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यदि आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत में फंसा हुआ है या मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है, तो उसकी सूचना पुलिस को देकर विद्यार्थी भी नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सतर्कता से इस्तेमाल करने, अज्ञात व्यक्तियों के साथ निजी जानकारी, पासवर्ड अथवा OTP साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा लुभावने ऑनलाइन ऑफर और फर्जी कॉल से सावधान रहने की सलाह दी गई।
पुलिस टीम ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी हो जाती है तो घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें, ताकि समय रहते ठगी की रकम को रोकने एवं आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिल सके।
महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
दुर्गा शक्ति टीम ने छात्राओं एवं छात्रों को महिला एवं बाल सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं सुरक्षा सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, अनुचित व्यवहार अथवा महिला एवं बाल विरुद्ध अपराध की जानकारी होने पर चुप न रहें और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
डायल-112 की उपयोगिता बताई
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए हरियाणा पुलिस की डायल-112 सेवा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों को इस सेवा का सही एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
Read More News….

