Charkhi Dadri News – मां दुर्गा की आराधना मनुष्य को आस्था, शक्ति और सकारात्मकता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। इसी आध्यात्मिक भावना के साथ शहर की झज्जर घाटी स्थित आदर्श धर्मशाला पंजाबी सभा में मां दुर्गा देवी के महाजागरण व विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत आदर्श धर्मशाला पंजाबी सभा के सामने कालका मसाना दरबार की ओर से 20 अक्टूबर की रात्रि को मां का महा जागरण होगा,
जबकि 21 अक्टूबर को हवन-यज्ञ के उपरांत सुबह 9 बजे से रक्तदान शिविर और दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारा लगाया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 नरेश पुरी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे,
जबकि पावन सानिध्य श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर साध्वी नव्या का रहेगा। कार्यक्रम के आयोजक एवं संयोजक जितेन्द्र सैनी ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा के दरबार में अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी।
20 अक्टूबर की रात्रि को होने वाले महा जागरण में श्रद्धालु मां की महिमा का गुणगान कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। वहीं, 21 अक्टूबर को सुबह हवन-यज्ञ के माध्यम से वातावरण की शुद्धि और लोक कल्याण की मंगल कामना की जाएगी। इसके बाद रक्तदान शिविर का आयोजन करते हुए 21 कन्याओं को भोजन करवाकर सर्वसाधारण श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 12 बजे से भंडारा आरंभ किया जाएगा। रक्तदान शिविर में रक्तवीर परिवार का विशेष सहयोग रहेगा। रक्तवीर परिवार के संयोजक राजेश सोनी एवं जितेन्द्र सैनी ने कहा कि मां दुर्गा की सच्ची आराधना हमें सेवा, करुणा, श्रद्धा और परोपकार की राह दिखाती है।
धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव, भाईचारे और मानव सेवा की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने बताया कि दरबार में प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को सायं तीन बजे माता का दरबार लगाया जाता है, जहां माता की भक्त नव्या सैनी श्रद्धालुओं की समस्याएं सुनती हैं और उनके कष्टों के समाधान के लिए मार्गदर्शन करती हैं। आयोजकों ने नगर व आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की कि वे महा जागरण और भंडारे में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धा से की गई प्रार्थना और सेवा भाव से किया गया सत्कर्म जीवन में सकारात्मकता का संचार करता है।
मां के दरबार में उपस्थित होकर भक्ति का लाभ उठाएं तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर इस पुण्य आयोजन में सहभागी बनें। इस अवसर पर ईश्वर शर्मा रावलधिया, संजीव कुमार, प्रेम प्रकाश शर्मा, राहुल सैनी, शेर सिंह सैनी, प्रताप सैनी व विजय सैनी ने भी क्षेत्रवासियों से धार्मिक आयोजन में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया।
Read More…
Charkhi Dadri News – 1 किलो 10 ग्राम अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार | चरखी दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सर्वोदय स्कूल इमलोटा में Science Exhibition और PTM, बच्चों की प्रतिभा देख गदगद हुए अभिभावक
