Charkhi Dadri News : जिले में अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी श्री लोगेश कुमार पी. आईपीएस ने जिले के पेट्रोल पंप मालिकों, संचालकों एवं ज्वैलर्स के साथ बैठक आयोजन किया ।
बैठक में जिले के विभिन्न पेट्रोल पंप संचालकों, सर्राफा व्यापारियों एवं ज्वैलरी शोरूम संचालकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पेट्रोल पंप एवं ज्वैलरी प्रतिष्ठान संवेदनशील श्रेणी में आते हैं, जहां नकदी और कीमती सामान की अधिक उपलब्धता के कारण चोरी, लूटपाट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की संभावना बनी रहती है। ऐसे में सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों एवं ज्वैलर्स को अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैमरे पूरी तरह कार्यरत होने चाहिए तथा उनकी रिकॉर्डिंग क्षमता भी ज्यादा हो ताकि रिकॉर्डिंग लंबे समय तक सुरक्षित रखी जाए। कैमरों का फोकस मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, कैश काउंटर, पार्किंग एरिया तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर होना चाहिए ताकि किसी भी घटना की स्थिति में पुलिस जांच में सहायता मिल सके। इसके साथ ही बैंको में कैश जमा करवाने के लिए मार्ग और समय अनियमित रखें ।
उन्होंने कहा कि ज्वैलरी शोरूम संचालक अपने प्रतिष्ठानों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण जैसे अलार्म सिस्टम, सेंसर लॉक, अग्निशमन यंत्र तथा इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम अवश्य लगवाएं।
इसके अतिरिक्त पेट्रोल पंप संचालकों को भी पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण तथा रात्रि के समय विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों के सत्यापन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी प्रतिष्ठानों पर कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन करवाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
कर्मचारियों का पहचान पत्र, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरण रिकॉर्ड में रखें। यदि कोई ग्राहक बनकर आने वाला व्यक्ति संदिग्ध लगे तो पहचान के लिए उससे आईडी दिखाने के लिए कह सकते हैं ।
उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस थाना या डायल 112 पर दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पेट्रोल पंप संचालकों ने कुछ वाहन चालको द्वारा मिट्टी या ग्रीस लगाकर अपने वाहनों की नंबर प्लेट छिपाने बारे बताया ।
उन्होंने कहा कि ये पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर बिना रुपए दिए चले जाते है। नंबर प्लेट छिपाने की वजह से उनकी पहचान नहीं हो पाती है ।
ज्वैलर्स ने भी रात्रि पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के लिए आग्रह किया ।
पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया और सभी पेट्रोल पंप संचालकों व ज्वैलर्स को रजिस्टर लगाने का निर्देश दिया ।
उन्होंने कहा कि गश्त के दौरान आने वाली पुलिस टीम रजिस्टर में एंट्री करेगी ।
बैठक में साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को फर्जी ऑनलाइन भुगतान, नकली स्क्रीनशॉट, साइबर फ्रॉड तथा नकली मुद्रा से सावधान रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी डिजिटल भुगतान की पुष्टि किए बिना सामान न दें तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
चौकीदार नियुक्त करने के दिए निर्देश –
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज और व्यापारियों की भी साझी जिम्मेदारी है।
इसलिए 500 मीटर के दायरे में सभी दुकानदार और व्यापारी मिलकर एक चौकीदार नियुक्त करें । ताकि रात्रि के दौरान सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके ।
पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस लगातार गश्त, नाकाबंदी एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रख रही है ताकि अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
बैठक के दौरान उपस्थित पेट्रोल पंप संचालकों एवं ज्वैलर्स ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखे। पुलिस अधीक्षक ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक समाधान का आश्वासन दिया।
Read More ….
Charkhi Dadri News : भिवानी कॉलेज हॉस्टल में दादरी की छात्रा ने दी जान
Charkhi Dadri में पत्नी ने प्रेमी साथ मिलकर करोड़ों रुपये हड़पने के लिए खेला खेल , फिर जो हुआ.
