Charkhi Dadri News : जिले में नशीले पदार्थों की बढ़ती बिक्री, संदिग्ध गतिविधियों और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी लोगेश कुमार ने गांव समसपुर का दौरा कर गांव की प्रत्येक गली, चौक और मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं नशामुक्ति को लेकर विस्तृत चर्चा की ।
पुलिस अधीक्षक ने गांव में बढ़ती नशे की समस्या और संदिग्ध गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रभाव से गांव में ERV, राइडर और अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के आदेश जारी किए।
उन्होंने गांव के प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि गांव में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उन्होंने कहा कि गांवों में सक्रिय होकर अपराध पर नियंत्रण करना पुलिस की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ, ग्रामीणों को रात के समय ठीकरी पहरा लगाने की हिदायत दी । उन्होंने कहा कि गांव की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
यदि ग्रामीण स्वयं जागरूक होकर अपने आसपास नजर रखेंगे तो चोरी, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।
उन्होंने ग्रामीणों को संदिग्ध व्यक्तियों, संदिग्ध वाहनों और असामान्य गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है और युवा पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल रहा है।
गांव में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति नशा बेचने या सप्लाई करने में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यदि गांव या आसपास कहीं भी नशा बेचने वालों की जानकारी मिले तो बिना किसी भय के तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इस दौरान उन्होंने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का भी जायजा लिया।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों को पुलिस कंट्रोल रूम से मॉनिटर किया जाए ताकि गांव की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
सीसीटीवी निगरानी से संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने और अपराध की घटनाओं को रोकने में काफी मदद मिलेगी।
इस दौरान उन्होंने गांव के सरपंच और पंचायत प्रतिनिधियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि गांव की गलियों, चौकों और मुख्य सड़कों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए।
साथ ही गांव के उन अंधेरे स्थानों पर अतिरिक्त लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए जहां आवारा किस्म के लोग बैठकर गलत गतिविधियों को अंजाम देते हैं।
उन्होंने कहा कि अपराध और नशे को रोकने के लिए रोशनी और निगरानी दोनों बेहद आवश्यक हैं।
ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए वे पुलिस के साथ मिलकर कार्य करेंगे तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देंगे।
ग्रामीणों ने गांव में पुलिस की सक्रियता और पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं गांव में पहुंचकर निरीक्षण करने की सराहना की।
Read More ….
Charkhi Dadri News : चरखी दादरी की शादी बनी मिसाल,शादी में नहीं हुआ दिखावा, कपल ने समाज को दिया बड़ा संदेश
Charkhi Dadri के छपार गांव में महिला पंच ने बाथरूम में जाकर लगा ली आग,
