Charkhi Dadri News : चरखी दादरी की अनाज मंडी में सरसों की खरीद को लेकर आढ़तियों और प्रशासन के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। आढ़तियों ने आरोप लगाया है कि मंडी के बजाय तेल मिलों में सीधे सरसों की खरीद की जा रही है, जिसके चलते किसान अपनी फसल मंडी में लाने की बजाय सीधे मिलों का रुख कर रहे हैं।
मंगलवार को आढ़तियों ने इस मुद्दे पर मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर विरोध जताया। उनका कहना है कि संबंधित विभाग इस पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रहा, जिससे मंडी का कामकाज प्रभावित हो रहा है और सरकार को भी राजस्व नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मामले पर पहुंचे मार्केट कमेटी सचिव विजय कुमार ने आढ़तियों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये दावे निराधार हैं। उन्होंने बताया कि मिलों में सीधे खरीद की निगरानी के लिए दो सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं और अब तक इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है। यदि कहीं ऐसा पाया जाता है तो नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान मोहन मकड़ानियां ने कहा कि पिछले कई दिनों से सरसों की आवक हो रही है, लेकिन मंडी में खरीद शुरू न होने के कारण किसान बाहर फसल बेचने को मजबूर हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को 11 अप्रैल को उनके दादरी दौरे के दौरान ज्ञापन दिया जाएगा।
बैठक में एसोसिएशन के पूर्व प्रधान रामकुमार रिटोलिया, राधेश्याम हड़ोदिया, विनोद गर्ग और अन्य आढ़ती भी मौजूद रहे।
Read More News….
Charkhi Dadri :- गरीबी से IAS तक का सफर 😮 | किसान की बेटी की प्रेरणादायक कहानी

