Charkhi Dadri News –महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में आयोजित 51वीं वार्षिक अंतर-महाविद्यालय एथलेटिक्स मीट एवं अन्य खेल प्रतियोगिताओं में राजकीय महाविद्यालय, बिरोहड़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेपकटकरा में स्वर्ण पदक तथा एथलेटिक्स की भाला फेंक और चक्का फेंक स्पर्धाओं में दो रजत पदक जीतकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
सेपकटकरा प्रतियोगिता में दिनेश (बीए प्रथम वर्ष), निखिल कुमार (बीए द्वितीय वर्ष), सचिन (बीए तृतीय वर्ष) एवं रितिक (बीए प्रथम वर्ष) की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इनमें से तीन खिलाड़ियों का चयन एमडीयू के 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर के लिए भी हुआ है। शिविर के बाद ये खिलाड़ी ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी गेम्स में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
वहीं, भाला फेंक स्पर्धा में गौरव (बीए प्रथम वर्ष) तथा चक्का फेंक में दिव्या (बीए द्वितीय वर्ष) ने रजत पदक जीतकर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। उल्लेखनीय है कि दिव्या पूर्व में भी राज्य स्तर पर पदक जीत चुकी हैं।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) दलबीर सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को फूल-मालाओं से सम्मानित करते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना की। प्रशासनिक प्रभारी डॉ. मोहन कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
नवनियुक्त खेल प्रभारी डॉ. मदन सिंह ने बताया कि महाविद्यालय के खिलाड़ी पूर्व में भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. सुरीला, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. योगेश जांगड़ा, डॉ. अजय कुमार एवं डॉ. नरेंद्र सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Read More News…..
CIA चरखी दादरी ने एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस See More…
