Charkhi Dadri News – उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि मत्स्य पालन विभाग के माध्यम से अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को मत्स्य पालन के क्षेत्र में अनेक प्रकार के अनुदान एवं लाभ प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने पात्र व्यक्तियों से सरकार की इन योजनाओं का पूरा लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने बताया कि मछली पालन के लिए प्रथम वर्ष की पट्टा राशि पर प्रत्येक लाभार्थी को 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अथवा पट्टे की वास्तविक राशि का 50 प्रतिशत, जो भी कम हो, अनुदान के रूप में दिया जाएगा। यह अनुदान केवल पंचायती तालाबों एवं सरकारी जलाशयों पर मान्य होगा। इसकी अधिकतम सीमा 4 हेक्टेयर पर दो लाख रुपये प्रति लाभार्थी निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि द्वितीय एवं आगामी वर्षों की पट्टा राशि पर प्रत्येक लाभार्थी को 40 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अथवा पट्टे की वास्तविक राशि का 40 प्रतिशत, जो भी कम हो, अनुदान दिया जाएगा। यह लाभ पंचायती तालाबों एवं सरकारी जलाशयों पर द्वितीय वर्ष से पांचवें वर्ष तक मिलेगा। इसकी अधिकतम सीमा 4 हेक्टेयर पर एक लाख 60 हजार रुपये प्रति लाभार्थी होगी।
उपायुक्त ने बताया कि मछली पकड़ने के ठेके पर भी अनुदान का प्रावधान है। विभाग द्वारा जिले के अधिसूचित पानी (नदी, नहरें तथा ड्रेन) में मछली पकड़ने के अधिकारों की प्रतिवर्ष नीलामी की जाती है। इन अधिकारों को प्राप्त करने पर अनुसूचित जाति के व्यक्ति को स्वीकृत बोली की 50 प्रतिशत दर से वित्तीय सहायता दी जाएगी, जिसकी अधिकतम सीमा पांच लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि खाद-खुराक पर अनुदान के तहत मत्स्य पालकों को कुल लागत एक लाख 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का 60 प्रतिशत अथवा 90 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर, जो भी कम हो, अनुदान के रूप में प्रदान किया जाएगा। इसकी अधिकतम सीमा 4 हेक्टेयर पर तीन लाख 60 हजार रुपये प्रति लाभार्थी होगी।
जाल खरीदने पर भी विभाग द्वारा लाभार्थी को मछली पकड़ने एवं मत्स्य पालन के लिए 40 हजार रुपये के जाल की खरीद पर 60 प्रतिशत अथवा अधिकतम 24 हजार रुपये प्रति लाभार्थी, जो भी कम हो, अनुदान दिया जाएगा।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि अनुसूचित जाति के परिवारों को मछली एवं मछली उत्पादों की बिक्री के लिए रेहड़ी, स्टोव, गैस चूल्हा, बर्तन आदि खरीदने पर भी अनुदान देने का प्रावधान है। इस योजना के तहत 60 हजार रुपये की रेहड़ी (स्टोव, गैस चूल्हा, बर्तन आदि सहित) की खरीद पर 60 प्रतिशत अथवा अधिकतम 36 हजार रुपये प्रति लाभार्थी, जो भी कम हो, अनुदान प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए पात्र व्यक्ति जिला मत्स्य अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
Read More News…..
CIA चरखी दादरी ने एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस See More…
