Charkhi Dadri News – हरियाणा सरकार ने गरीब और पात्र परिवारों तक राशन की पहुंच बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 2,651 उचित मूल्य की राशन डिपो दुकानें खोलने का निर्णय लिया है। इसके तहत चरखी दादरी जिले में 53 उचित मूल्य की राशन डिपो दुकानें खोली जाएंगी। इन दुकानों के लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर निर्धारित की गई है। आवेदन करने के लिए अब केवल दो दिन शेष बचे हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से प्रदेश में खाली पड़ी 2,651 उचित मूल्य की दुकानों के लिए इच्छुक आवेदकों से लाइसेंस हेतु ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। पात्र व्यक्ति 25 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
डीएफएसओ संजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राशन डिपो के माध्यम से विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा, जहां मौजूदा डिपो काफी दूर स्थित हैं। इस योजना से सार्वजनिक वितरण प्रणाली मजबूत होगी और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है, जिससे जमीनी स्तर पर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
डीएफएसओ ने बताया कि रिक्त उचित मूल्य की दुकानों का जिला-वार और गांव-वार विवरण विभाग की वेबसाइट तथा संबंधित जिला प्रशासन की वेबसाइट पर देखा जा सकता है। उन्होंने पात्र व्यक्तियों से अपील की कि आवेदन करने के लिए अब केवल दो दिन शेष हैं। ऐसे में जो भी पात्र व्यक्ति राशन डिपो के लिए आवेदन करना चाहता है, वह 25 नवंबर से पहले सरल पोर्टल पर अपना ऑनलाइन आवेदन अवश्य जमा करवा दें।
विभाग की ओर से सभी योग्य युवाओं और महिलाओं से इस अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया गया है।
Read More News……
CIA चरखी दादरी ने एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस See More…
