Charkhi Dadri News – जिले में लगातार बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी., IPS के दिशानिर्देशानुसार साइबर क्राइम पुलिस थाना की टीम हेड कांस्टेबल विकास, हेड कांस्टेबल मुकेश एवं सिपाही अनिल ने झोझुकलां स्थित NRJ स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, ठगी के नए तरीकों तथा उनसे सतर्क व सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में बिंदुवार जानकारी प्रदान की।
ठगी के नए हथकंडों और ‘अभेद्य ऐप’ के प्रति किया जागरूक
टीम ने बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराधी नए-नए पैंतरों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इनमें डिजिटल अरेस्ट, पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर झांसा, ट्रेडिंग/निवेश में भारी मुनाफे का लालच, फर्जी एपीके (APK) फाइल्स, कस्टम/कुरियर फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन और सोशल मीडिया अकाउंट हैक करना प्रमुख हैं।
टीम ने विद्यार्थियों को हरियाणा पुलिस एवं गृह मंत्रालय द्वारा विकसित सुरक्षा तंत्र तथा ‘अभेद्य ऐप’ (Abhedya App) की उपयोगिता के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार यह ऐप डिजिटल सुरक्षा चक्र की तरह काम करता है और संदिग्ध नंबरों व फर्जी लिंक से सुरक्षित रहने में मदद करता है।
विद्यार्थियों को दिए गए मुख्य सुरक्षा एवं सतर्कता मंत्र:
ओटीपी और पासवर्ड गोपनीयता: किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपना बैंक ओटीपी, पासवर्ड, पिन या व्यक्तिगत विवरण साझा न करें।
अज्ञात लिंक व ऐप से दूरी: व्हाट्सएप, टेलीग्राम या एसएमएस पर प्राप्त अज्ञात लिंक पर क्लिक करने या अनाधिकृत APK फाइल डाउनलोड करने से बचें।
डिजिटल अरेस्ट से न डरें: पुलिस, सीबीआई या कस्टम अधिकारी बनकर डराने वाले कॉल से घबराएं नहीं; तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन पर सूचित करें।
सोशल मीडिया प्राइवेसी: अपने सोशल मीडिया खातों में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) चालू रखें और अज्ञात लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें।
साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग
पुलिस टीम ने जोर देकर कहा कि यदि किसी के साथ किसी भी प्रकार की वित्तीय या साइबर धोखाधड़ी होती है, तो बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। ‘गोल्डन अवर’ (घटना के शुरुआती 1-2 घंटे) में शिकायत दर्ज कराने से ठगी की गई राशि को फ्रीज कराने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
स्कूल प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने चरखी दादरी पुलिस की सराहना की और साइबर सुरक्षा के इन नियमों को अपने परिवार तथा आसपास के लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
Read More…..
झोझू कला में हरियाणा दिवस की धूम! Genius Mother’s Pride के बच्चों ने बिखेरे संस्कृति के रंग
