Charkhi Dadri News – एच.डी. स्कूल, बिरोहड़ में दशहरा उत्सव बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम की लीला से जुड़े विभिन्न पात्रों का अभिनय कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने राम-लक्ष्मण, हनुमान और वानर सेना के किरदारों में नजर आकर रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया।
विद्यार्थियों की आकर्षक वेशभूषा, उत्साह और शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
उत्सव का मुख्य आकर्षण 15 फीट ऊंचा रावण का पुतला रहा। रावण के पुतले के दहन के माध्यम से विद्यार्थियों को बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया। इस अवसर पर बच्चों को दशहरे के धार्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक महत्व से अवगत करवाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने तथा सत्य, सदाचार, मर्यादा और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई।
विद्यालय के निदेशक बलराज फौगाट ने दशहरा उत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दशहरा हमें सिखाता है कि जीवन में सत्य और अच्छाई की सदैव विजय होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, बुराइयों से दूर रहने तथा अच्छे संस्कारों और नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उपप्राचार्य नवीन सनसनवाल एवं प्रीति पाहवा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया। विद्यालय के कला शिक्षक कृष्ण कुमार, नृत्य शिक्षक जय वर्मा तथा नृत्य एवं कंप्यूटर के क्षेत्र में बहुमुखी प्रतिभा की धनी साक्षी मैडम ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।
इसके अतिरिक्त शास्त्री हरिओम भारद्वाज, रामचन्द्र डागर, मुकेश शर्मा, मंदीप पंघाल, संजीत पीटीआई, कोच अमन राणा, मुक्ता मैडम, प्रदीप श्योराण, सन्नी सर, धर्मबीर सर सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने कार्यक्रम में सहयोग दिया।
विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखते ही बनता था। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया। इस आयोजन ने बच्चों को यह संदेश दिया कि जीवन में सदैव सत्य और अच्छाई का साथ देना चाहिए। विद्यालय परिवार की सामूहिक सहभागिता एवं सभी सदस्यों के सहयोग से दशहरा उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Read More…
