Charkhi Dadri News – मां दुर्गा की आराधना मनुष्य को आस्था, शक्ति और सकारात्मकता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। इसी आध्यात्मिक भावना के साथ शहर की झज्जर घाटी स्थित आदर्श धर्मशाला पंजाबी सभा में कालका मसाना दरबार की ओर से मां दुर्गा महाजागरण, हवन-यज्ञ, रक्तदान शिविर व विशाल भंडारे का आयोजन 21 अक्टूबर को किया जाएगा
।कार्यक्रम में जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 नरेश पुरी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर साध्वी नव्या का पावन सानिध्य रहेगा। कार्यक्रम के आयोजक एवं संयोजक जितेंद्र सैनी ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा के दरबार में अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। 21 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मां दुर्गा का महाजागरण होगा, जिसमें श्रद्धालु माता की महिमा का गुणगान कर परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हवन-यज्ञ, रक्तदान शिविर, कन्या भोजन व विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। सुबह हवन-यज्ञ के माध्यम से लोक कल्याण की मंगल कामना की जाएगी। सुबह 9 बजे से रक्तदान शिविर शुरू होगा, जिसमें रक्तवीर परिवार का विशेष सहयोग रहेगा। इसके उपरांत 21 कन्याओं को भोजन करवाया जाएगा तथा दोपहर 12 बजे से श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा शुरू होगा।
रक्तवीर परिवार के संयोजक राजेश सोनी व जितेंद्र सैनी ने कहा कि मां दुर्गा की सच्ची आराधना हमें सेवा, करुणा, श्रद्धा और परोपकार की राह दिखाती है। धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव, भाईचारे और मानव सेवा की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने बताया कि कालका मसाना दरबार में प्रत्येक मंगलवार व शनिवार को सायं तीन बजे माता का दरबार लगाया जाता है, जहां माता की भक्त नव्या सैनी श्रद्धालुओं की समस्याएं सुनती हैं और उन्हें मार्गदर्शन प्रदान करती हैं।
आयोजकों ने नगर व आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की कि वे 21 अक्टूबर को महाजागरण, रक्तदान शिविर व भंडारे में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करें। इस अवसर पर ईश्वर शर्मा रावलधिया, संजीव कुमार, प्रेम प्रकाश शर्मा, राहुल सैनी, शेर सिंह सैनी, प्रताप सैनी व विजय सैनी ने भी क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया।
Read More…
