Charkhi Dadri News – सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चरखी दादरी जिला पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ निर्णायक रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी. के दिशा-निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा 4 से 10 अक्टूबर के दौरान चलाए गए व्यापक चेकिंग अभियान में कुल 728 चालान काटे गए, जिनके जरिए 7,69,300 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
Charkhi Dadri News – इस सघन जांच के दौरान सुरक्षा से खिलवाड़ का सबसे चिंताजनक पहलू नंबर प्लेट नियमों की भारी अनदेखी के रूप में सामने आया। कुल चालानों में से अधिकांश मामले नंबर प्लेट से जुड़े रहे, जिनमें बिना किसी नंबर प्लेट के फर्राटा भरते 270 वाहन धरे गए, वहीं हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के अभाव अथवा अवैध पैटर्न वाली नंबर प्लेट पाए जाने पर 248 वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त वाहनों के मूल ढांचे व इंजन में अनाधिकृत बदलाव करने वाले 41 वाहन स्वामियों पर भी नियम अनुसार गाज गिरी।
Charkhi Dadri News – सड़क पर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाली प्रवृत्तियों पर नकेल कसते हुए पुलिस बल ने गलत दिशा में वाहन दौड़ाने वाले 34, अवैध पार्किंग कर बाधा पहुंचाने वाले 35 तथा निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार में चल रहे 34 वाहन चालकों का मौके पर ही चालान किया। दस्तावेजों की वैधता परखते हुए प्रदूषण मानकों के उल्लंघन पर 22, बिना थर्ड पार्टी बीमा के 19, बिना आरसी के 16, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 15 और सीट बेल्ट की उपेक्षा करने पर 13 चालकों को दंडित किया गया।
Charkhi Dadri News – अभियान के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी.,IPS ने बताया कि इस सख्ती का ध्येय केवल राजस्व या चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि अनियंत्रित गति, रॉन्ग-साइड आवाजाही और अवरोधक पार्किंग से उत्पन्न होने वाले जानलेवा हादसों और जाम पर प्रभावी रोक लगाना है। इसके साथ ही बिना नंबर अथवा विकृत नंबर प्लेट वाले वाहनों का दुरुपयोग अपराधों में होने की प्रबल आशंका रहती है, जिस पर विराम लगाना अनिवार्य था।
Charkhi Dadri News – उन्होंने स्पष्ट किया कि सुगम और सुरक्षित यातायात केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं, बल्कि यह नागरिकों की भी साझी जिम्मेदारी है। आमजन से आग्रह किया गया है कि वे वाहनों पर वैध एचएसआरपी अवश्य सुनिश्चित करें, गति सीमा व दिशा नियमों की मर्यादा रखें, हेलमेट व सीट बेल्ट को जीवन रक्षक आदत बनाएं और वाहन से संबंधित सभी अनिवार्य दस्तावेज हमेशा अद्यतन रखकर एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
Read More…
चरखी दादरी में AAP जिला अध्यक्ष धनराज कुंडू को पुलिस ने क्यों किया डिटेन? जानिए पूरा मामला
