Charkhi Dadri News : चरखी दादरी। जिले के गांव छपार में वीरवार देर रात एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है।
खेतों में बने एक मकान में घुसे पांच नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को हथियारों के बल पर काबू कर लिया और उन्हें बाथरूम में बंद कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद दादरी सदर थाना पुलिस समेत अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर दी है।
पीड़ित रवि के अनुसार वह अपने माता-पिता के साथ घर पर सो रहा था। देर रात करीब एक बजे पांच अज्ञात लोग पिस्तौल, डंडे और अन्य हथियार लेकर घर के गेट के ऊपर से कूदकर अंदर दाखिल हुए। बदमाशों ने सबसे पहले बाहर सो रहे उसके पिता राजकुमार को पिस्तौल दिखाकर धमकाया। विरोध करने पर उनके सिर पर डंडा मारकर घायल कर दिया।
q
शोर सुनकर रवि और उसकी मां कृष्णा देवी मौके पर पहुंचे, लेकिन बदमाशों ने उन्हें भी हथियार दिखाकर काबू कर लिया और तीनों को बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने पूरे घर की तलाशी ली और सोने-चांदी के जेवरात व नकदी समेट ली।
काफी देर बाद रवि किसी तरह बाथरूम का दरवाजा तोड़कर बाहर निकला और शोर मचाया। आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और गेट खोला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित के अनुसार बदमाश करीब 14-15 तोला सोना, 8-10 जोड़ी चांदी की पाजेब, चांदी के आभूषण और लगभग तीन लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घायल राजकुमार को उपचार के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि वह रात को बैठक में सो रहे थे, तभी पांच लोग अचानक आकर चारपाई के चारों ओर खड़े हो गए।
उन्होंने चुप रहने को कहा, लेकिन विरोध करने पर मारपीट की और पिस्तौल तान दी। इसके बाद वे अंदर जाकर परिवार के अन्य सदस्यों को भी बंधक बनाकर लूटपाट करने लगे।
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना रात करीब ढाई बजे मिली, जिसके बाद तुरंत टीम मौके पर पहुंची।
जांच के लिए एफएसएल और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया गया। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा के निर्देश पर एसआईटी बनाई गई है, जिसमें सीआईए और स्पेशल स्टाफ की टीमें भी शामिल हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Read More News…..
Charkhi Dadri :- गरीबी से IAS तक का सफर 😮 | किसान की बेटी की प्रेरणादायक कहानी

