Breaking News : मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा रेलवे स्टेशन पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक शातिर चोर को फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार किया।
आरोपी ने चलती ट्रेन में एक महिला का पर्स छीना और पकड़े जाने के डर से मौके से भाग निकला।
जानकारी के अनुसार, घटना 6 अप्रैल की सुबह की है। करीब 4:50 बजे ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी, जो ट्रेन नंबर 11753 से उतरा था।
कुछ ही देर में उसने एक महिला का पर्स छीन लिया और तेजी से भागने लगा। जवानों ने तुरंत उसका पीछा शुरू किया।
भागते-भागते आरोपी रेलवे ट्रैक के पास स्थित एक तालाब तक पहुंच गया और खुद को बचाने के लिए सीधे पानी में कूद गया।
जब आरपीएफ टीम तालाब तक पहुंची तो आरोपी कहीं दिखाई नहीं दिया। हालांकि जवानों को शक था कि वह पानी में ही छिपा हुआ है, इसलिए उसकी तलाश जारी रखी गई।
आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। वह तालाब के अंदर काई और कीचड़ के बीच छिपा रहा और सांस लेने के लिए कमल की खोखली डंडी का सहारा लिया।
इसी तरीके से वह करीब पांच घंटे तक पानी के अंदर छिपा रहा, जिससे उसे बाहर निकालना और भी मुश्किल हो गया।
आरपीएफ ने स्थिति को देखते हुए गोताखोरों को बुलाया। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने आरोपी को तालाब के अंदर से ढूंढ निकाला और बाहर निकाला गया।
पानी से बाहर आते ही आरोपी ने एक बार फिर भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे तुरंत काबू कर लिया। इस दौरान हल्की हाथापाई भी हुई, जिसमें आरोपी को मामूली चोटें आईं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन जांच और रिकॉर्ड के आधार पर उसकी पहचान बिजनौर निवासी हरविंदर सिंह (32) के रूप में हुई।
आरपीएफ के अनुसार, हरविंदर सिंह कोई साधारण आरोपी नहीं है, बल्कि वह पहले से कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
वह अलग-अलग राज्यों में रेल यात्रियों को निशाना बनाता था और झपटमारी की कई घटनाओं में उसकी संलिप्तता सामने आ चुकी है।
जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश सहित कई जगहों पर मामले दर्ज हैं।
भोपाल, इटारसी, उज्जैन, इगतपुरी और विशाखापत्तनम जैसे विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कार्रवाई चल रहीं है और कुछ मामलों में आरोपी को फ़रार भी घोषित किया गया है।
इस तरह आरोपी ने बचने के लिए भले ही अनोखा तरीका अपनाया, लेकिन आखिरकार कानून के हाथों से नहीं बच सका और आरपीएफ की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
Read more…..
Charkhi Dadri News : अज्ञात वाहन की टक्कर में स्कूटी सवार महिला की मौत, दूसरी घायल….
Charkhi Dadri :- गेहूं के खेत में लगी आग , किसानों में हडकंप, सैकड़ों एकड़ गेहूं की फसल बचाई

