Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri News – चरखी दादरी की सीमाओं पर पुलिस का ‘नाइट ऑपरेशन’, 94 वाहन चेक; 9 चालान और 2 वाहन जब्त


Charkhi Dadri News
– हरियाणा में अपराधियों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों पर पूरी तरह से नकेल कसने तथा जिले की सीमाओं को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से चरखी दादरी पुलिस ने देर रात विशेष ‘इंटर-स्टेट नाका चेकिंग अभियान’ चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया। यह अभियान माननीय पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), हरियाणा, पंचकूला के सख्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में 01/02 सितंबर की रात पुलिस नाका आदमपुर पर चलाया गया।


अभियान का नेतृत्व डीएसपी साहिल ढिल्लों ने किया। उनके नेतृत्व में कमांडो दस्ते सहित 25 पुलिस कर्मचारियों की टीम ने रातभर नाके पर मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाई। पुलिस टीम ने जिले की सीमा से गुजरने वाले वाहनों पर पैनी नजर रखते हुए संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहनता से जांच की। अचानक और सघन चेकिंग अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।


पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान कुल 94 वाहनों की बारीकी से जांच की गई। यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 09 वाहनों के चालान किए गए। इसके साथ ही जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए 02 वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि जिले की सीमा से होकर होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या नशे की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।


डीएसपी साहिल ढिल्लों ने पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नाका चेकिंग के दौरान प्रत्येक वाहन की सतर्कता और गंभीरता से जांच की जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि को नजरअंदाज न किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना अपराध नियंत्रण की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।


पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी लोगेश कुमार पी., IPS ने स्पष्ट किया कि अपराधियों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के लिए जिले की सीमाओं को आसान रास्ता नहीं बनने दिया जाएगा। पुलिस द्वारा ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रखे जाएंगे। पुलिस का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना तथा अपराध एवं नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना है।

Charkhi Dadri

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और अपराधमुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।

Read More...

चरखी दादरी में AAP का हल्ला बोल! निजी बस संचालकों के खिलाफ प्रदर्शन, रोड जाम की चेतावनी

Charkhi Dadri News – साइबर जागरुकता दिवस पर ITI रावलधी में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश

Popular Articles