Charkhi Dadri News – साइबर क्राइम थाना पुलिस ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के नए तरीकों से कराया अवगत, बचाव के उपाय बताए
साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए आमजन, विशेषकर युवाओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को साइबर जागरुकता दिवस के अवसर पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) रावलधी में साइबर क्राइम थाना चरखी दादरी पुलिस टीम द्वारा साइबर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने PSI अंकित के नेतृत्व में विद्यार्थियों को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।
PSI अंकित ने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक खाते को बंद करने की धमकी, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, ऑनलाइन नौकरी एवं निवेश के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि बैंकिंग संबंधी जानकारी, एटीएम/डेबिट कार्ड विवरण, सीवीवी, पासवर्ड, ओटीपी या यूपीआई पिन किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करने, अज्ञात एप्लीकेशन डाउनलोड करने अथवा संदिग्ध वेबसाइट पर अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से बचना चाहिए।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से प्रयोग करने के लिए भी जागरूक किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि सोशल मीडिया अकाउंट पर मजबूत पासवर्ड रखें, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का प्रयोग करें तथा अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने और संदिग्ध संदेशों का जवाब देने से बचें।
साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत कार्रवाई करने की सलाह देते हुए पुलिस टीम ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज करवा सकता है तथा संबंधित शिकायत को National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से भी दर्ज कराया जा सकता है। पुलिस ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं साइबर अपराध से सतर्क रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा पुलिस टीम से विभिन्न साइबर अपराधों एवं उनके बचाव को लेकर सवाल भी पूछे। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया।
Read More…
