चरखी दादरी। दादरी-लोहारू मार्ग पर स्थित गांव भैरवी में एक मकान से अज्ञात चोरों द्वारा घरेलू सामान चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बलकरा निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि वह पेशे से किसान है और उसका भैरवी गांव में दादरी-लोहारू रोड पर एक मकान बना हुआ है। इस मकान में उसने अपने स्टोर से जुड़ा सामान रखा हुआ था।
शिकायतकर्ता के अनुसार 27 फरवरी की रात करीब 10 बजे अज्ञात व्यक्ति उसके मकान से फ्रिज, इनवर्टर, बैटरी, पानी की मोटर, गैस सिलिंडर, बिजली का चूल्हा, बर्तन, कैमरे और डीवीआर सहित अन्य सामान चुरा ले गए।
अगले दिन 28 फरवरी को जब वह मकान पर पहुंचा तो उसे सामान गायब मिला। उसने अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद मंगलवार को उसने पुलिस को शिकायत दी।
दादरी सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
