Har Khabar, Sabse Pehle

Top 5 This Week

Related Posts

चरखी दादरी: छात्रा दुष्कर्म व संदिग्ध मौत प्रकरण में तीन गिरफ्तार, दो दिन का पुलिस रिमांड….

चरखी दादरी में दसवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म और बाद में हुई उसकी मौत के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहतक जिले के पंकज उर्फ भोलू उर्फ साहिल, साहिल तथा दादरी निवासी नवीन के रूप में हुई है। रविवार को तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

जांच के दौरान पुलिस को हत्या से जुड़े ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। ऐसे में हत्या की धारा हटाकर आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा जोड़ दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना उसी दिन नहीं, बल्कि उससे पहले हुई थी।

बाढड़ा के डीएसपी सुभाषचंद्र ने बताया कि 24 फरवरी को सूचना मिली थी कि एक छात्रा दादरी के एक गार्डन में अचेत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे दादरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पिता ने चार युवकों पर कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

डीएसपी के अनुसार, रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात स्थल की निशानदेही करवाई जाएगी और घटना में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस प्रकरण में अन्य लोग भी शामिल थे। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles